Friday, March 14, 2025

सोनू निगम ने क्यों एआर रहमान को अपने काम और प्रार्थनाओं में खोये रहने वाला व्यक्ति कहा

बॉलीवुड सिंगर सोनू निगम ने ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान की भूरी-भूरी प्रशंसा की है। उन्होंने रहमान को अपने काम और प्रार्थनाओं में खोया रहने वाला व्यक्ति बताया है। यह भी कि वह किसी की बुराई नहीं करते हैं।

सोनू निगम ने एक इंटरव्यू में रोजा, ताल, दिल से लेकर कुछ वर्ष पहले की संजू जैसी फिल्मों में संगीत देने वाले एआर रहमान को एक अच्छा व्यक्ति करार दिया है। वह कहते हैं कि रहमान को किसी और में दिलचस्पी नहीं है और वह अपने काम से काम रखते हैं। उनका सारा ध्यान अपने काम और प्रार्थनाओं पर रहता है। वह किसी की बुराई या चुगली नहीं करते हैं।

फिल्मी दुनिया की सारी बुराइयों से दूर

सोनू निगम ने एआर रहमान के साथ कई फिल्मों में काम किया है। उनकी धुनों पर कई लोकप्रिय गीत गये हैं। सोनू निगम कहते हैं कि रहमान किसी के साथ बुरा बर्ताव नहीं करते हैं और न ही वह किसी का दिल दुखाएंगे। क्योंकि वह किसी की बुराई करने से दूर रहते हैं। रहमान के साथ बिताये पलों को याद कर अपने अनुभव के आधार पर सोनू कहते हैं कि वह फिल्मी दुनिया की सारी बुराइयों से दूर रहते हैं। दरअसल वह हमेशा अपने परिवार के साथ ही रहना पसंद करते हैं। मैंने कभी उन्हें किसी दूसरे के साथ बहुत घुलते-मिलते नहीं देखा है। और न ही वह दूसरों को अपने करीब आने का मौका देते हैं। वह शुरू से ऐसा ही हैं।

एक अंतर्मुखी व्यक्ति

हालांकि जब सोनू निगम से एआर रहमान की उनकी पत्नी से तलाक के संबंध में पूछा गया तो उन्होंने इस संबंध में ज्यादा कुछ कहने से इनकार कर दिया। दरअसल एआर रहमान अंतर्मुखी स्वभाव के पारिवारिक व्यक्ति हैं। म्यूजिक के अलावा उन्होंने अपने परिवार को समय दिया था, फिर भी उनका पत्नी से तलाक हो गया जिसे लेकर हैरत व्यक्त की गई।

देश के सबसे सम्मानित संगीतकार

एआर रहमान देश के सबसे सम्मानित संगीतकार के रूप में प्रतिष्ठित हैं। उन्होंने छह राष्ट्रीय पुरस्कार और दो ऑस्कर पुरस्कार जीते हैं। इनके अलावा एक बाफ्टा अवॉर्ड, एक गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड और हिंदी फिल्मों के लिए 15 फिल्मफेयर पुरस्कार और साउथ फिल्मों के लिए 18 फिल्मफेयर पुरस्कार जीते हैं। 2010 में उन्हें भारत सरकार ने अपना तीसरा सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्मभूषण से सम्मानित भी किया था।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here