बॉलीवुड सुपरस्टार सैफ अली खान पर हमले की जांच कर रही मुंबई पुलिस को एक चौंकाने वाली जानकारी मिली है। जिस शख्स ने सैफ और उनकी नौकरानी पर घर में घुसकर हमला किया था, उसके बारे में पुलिस ने जांच-पड़ताल की तो पता चला कि एक सप्ताह पहले उसने बांद्रा स्थित बॉलीवुड के किंगखान शाहरुख खान के बंगले मन्नत की रेकी की थी। इस बीच पुलिस ने बांद्रा से ही एक संदिग्ध शख्स को हिरासत में लिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को सैफ पर हमला करने वाला शख्स शाहरुख के घर मन्नत के आस-पास मंडराता दिख रहा है। यह जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम मन्नत गई और वहां अपनी जांच-पड़ताल की। मन्नत में शाहरुख के स्टाफ से भी पूछताछ की गई है। इधर एएनआई समाचार एजेंसी ने खबर दी है कि सैफ पर हमले की जांच करने वाली एक टीम ने बांद्रा से एक संदिग्ध शख्स को हिरासत में लिया है। उसे बांद्रा पुलिस स्टेशन ले जाकर पूछताछ की जा रही है।
बहराहल मुंबई पुलिस 35 टीमें गठित कर सैफ के घर हुए हमले की जांच कर रही है। पुलिस ने जांच पड़ताल में एक और जानकारी पायी है कि सैफ पर हमला करने वाले युवक को घटना के बाद बांद्रा रेलवे स्टेशन पर देखा गया। पुलिस अधिकारियों का अनुमान है कि उसने वहां से पहली लोकल ट्रेन ली होगी। इस जानकारी के बाद पुलिस की टीम बसाई और नालसोपरा में टीमें भेजकर और अधिक जानकारी पाने की कोशिश कर रही है।