Sunday, June 15, 2025

पाकिस्तानी यूट्यूबर शोएब चौधरी और सना अमजद 21 दिन बाद एकसाथ हुए प्रकट, सुनाई भयानक दास्तां

तीन सप्ताह से गायब भारत में लोकप्रिय पाकिस्तानी यूट्यूबर शोएब चौधरी और सना अमजद को पाकिसानी फौज ने फांसी पर लटका दिया है, सोशल मीडिया में ये खबरें कुछ समय से तैर रही थीं। लेकिन मंगलवार की सुबह अचानक शोएब चौधरी ने अपना एक नया वीडियो पोस्ट कर बताया कि कि उन्हें किन लोगों ने अगवा किया था। वहीं दोपहर तक महिला पाकिस्तानी यूट्यूबर सना अमजद भी अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो लेकर प्रकट हुईं और बताया कि कैसे उनकी विधवा और बीमार मां का उत्पीड़न कर उन्हें खामोश करने के लिए मजबूर किया गया।

शोएब के 16 लाख और सना के 11 लाख सब्सक्राइबर्स

शोएब चौधरी पाकिस्तानी यूट्यूबर हैं और उनके चैनल का नाम है रियल एंटरटेनमेंट टीवी। इस चैनल के सब्सक्राइबर की संख्या 16 लाख छह सौ से अधिक है। वहीं सना अमजद अपने नाम से चैनल चलाती हैं जिनके सब्सक्राइबर की संख्या  11 लाख से अधिक है। ये दोनों यूट्यूबर अपने चैनल में पाकिस्तानी जनता से भारत की तरक्की, और उससे जुड़े मुद्दे  और भारत-पाकिस्तान से तुलना करते हुए अकसर पाकिस्तानी लोगों की प्रतिक्रिया लेते हैं। ये अकसर भारत और प्रधानमत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए भी दिखाई देते हैं। साथ में खुद भी अपनी राय रखते हैं। इसलिए इनके सब्सक्राइबर की संख्या पाकिस्तान से अधिक भारत के लोगों की है। इनके वीडियो के कमेंट बॉक्स में भारतीय भरे रहते हैं।

21 दिनों बाद दोनों वीडियो लेकर आएं

लेकिन पिछले 21 दिनों से अचानक शोएब चौधरी और सना अमजद खामोश हो गये थे। उनकी तरफ से कोई वीडियो अपने-अपने यूट्यूब चैनल पर नहीं डाले जा रहे थे। इससे तरह-तरह के कयास लगाये जाने लगे थे। यहां तक यह खबर चला दी गई कि शोएब और सना को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई उठा ले गयी है। तो कोई यह कह रहा था कि भारत की प्रशंसा करने के कारण उन दोनों को पाकिस्तनी फौज ने फांसी पर लटका दिया है। पिछले एक दो दिन में इन दोनों पाकिस्तानी यूट्यूबर्स के संबंध में भारत के मीडिया में खबरें चलने लगी थीं कि आखिर इनके साथ क्या हुआ। लेकिन मंगलवार की सुबह शोएब चौधरी सबसे पहले अपने वीडियो के साथ प्रकट हुए और कारण बताया कि उनके साथ क्या हुआ था।

सियासी पार्टी ने कराया अगवा, रखा कैद

शोएब चौधरी ने अपने वीडियो में बताया कि उन्हें न तो आईएसआई और न ही फौज ने अगवा करवाया था, बल्कि एक सियासी पार्टी के लोग उन्हें रात दो बजे उठा कर ले गये थे। उन्हें करीब 20 दिन कैद में रखा गया। शोएब ने बताया कि वे मुझे अपनी पार्टी में ज्वाइन कराना चाहते थे। वे चाहते थे युवाओं में जो मेरी लोकप्रियता है, उसका उनकी पार्टी को फायदा मिले। उनपर इसके लिए दबाव बनाया गया। लेकिन उन्होंने उस पार्टी को ज्वाइन नहीं किया है। शोएब ने कहा कि उन्हें रोज लगता था कि आज उनका आखिरी दिन हैं। दरअसल वह मौत से बच कर आये हैं। लेकिन शोएब ने नहीं बताया कि उन्हें किस पार्टी ने अगवा कराया और कहां कैद कर रखा। वह कहते हैं कि अगले वीडियो में वे सबूत के साथ सारी जानकारी साझा करेंगे कि उनके साथ क्या-क्या हुआ।

सना की मां के घर में रात को हल्लाबोल 

ठीक शोएब की तरह ही सना अमजद ने अपनी कहानी सुनायी, लेकिन उन्होंने यह बताया कि उन पर सीधे उत्पीड़न करने की जगह उनकी मां के घर में आधी रात को हथियारबंद लोग घुस आये थे और मुझे सौंपने की मांग कर रहे थे। लेकिन सना ने यह नहीं बताया कि वे कौन लोग थे। उन्होंने यह कहा कि न तो फौज या न ही आईएसआई ने उन्हें उठवाया। बल्कि कहा कि वह तो अपने पति और बच्चों के साथ ससुराल में थीं। शोएब की तरह ही सना अमजद ने कहा कि अगले वीडियो में वह सबूत के साथ खुलासा करेंगी कि किसने उन्हें परेशान किया। उनका कहना है कि सिर्फ भारत की प्रशंसा करने के कारण ही उन्हें परेशान किया गया। लेकिन बावजूद वह आगे भी ऐसा करती रहेंगी।

आखिरी वीडियो होने की जताई आशंका

शोएब और सना, इन दोनों के वीडियो में एक चीज कॉमन थी कि उन्होंने पाकिस्तानी फौज और आईएसआई के संबंध में कुछ नहीं कहा। दोनों ने कहा कि अब वे अगले वीडियो में जानकारी देंगे कि क्या हुआ था उनके साथ। लेकिन साथ ही दोनों ने यह आशंका प्रकट की कि हो सकता है कि यह उनका आखिरी वीडियो हो। यानी उनके साथ कुछ होनों की आशंका है। लेकिन साथ ही वे आत्मविश्वास से यह भी कहते हैं कि अगले वीडियो में उन लोगों को बेनकाब कर देंगे जिन्होंने उन्हें परेशान किया था। उन दोनों का कहना है कि वे पाकिस्तानी की बेहतरी के लिए ईमानदारी से अपनी बात रखते हैं। और, आगे भी भारत की प्रशंसा करते रहेंगे। भले इसके लिए उन्हें जो चाहे परिणाम भुगतना पड़े।

शोएब के वीडियो को 12 लाख लोगों ने देखा

शोएब चौधरी ने मंगलवार की सुबह जो वीडियो अपने चैनल में पोस्ट किया था, उसे रात साढ़े 11 बजे तक 12 लाख लोग देख चुके थे। इस वीडियो को लेकर 28 हजार से अधिक कमेंट भी आ चुके थे। और वीडियो को एक लाख लाइक्स मिल चुका था। वहीं सना अमजद ने शाम को वीडियो पोस्ट किया था और रात साढ़े 11 बजे तक डेढ़ लाख से अधिक लोग देख चुके थे और उस पर साढ़े पांच हजार कमेंट आ चुके थे। अब इससे अनुमान लगाया जा सकता है कि दोनों यूट्यूबर कितने लोकप्रिय हैं।

कई सवाल के जवाब मिलने बाकी

शोएब अख्तर और सना अमजद के साथ आखिर क्या हुआ था? उन्होंने अपने अगले वीडियो में और डिटेल में बताने की बात कही है। लेकिन उनकी बातें कुछ रहस्यमय भी लग रही है। आखिर दोनों क्यों एकसाथ प्रकट हुए? दोनों पाकिस्तानी फौज और आईएसआई पर क्यों बोलने से बच रहे? क्या वे फौज या आईएसआई के इशारे पर अब काम कर रहे हैं? आखिर इन दोनों के एकसाथ यूट्यूब से गायब होने के पीछे कोई खास वजह है? और भी बहुत से सवाल हैं, जिनके जवाब शायद ही मिले। (फोटो साभारः गूगल इमेज)

 

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here