
लंबे समय तक एक संतान की नीति को लागू करने वाला चीन इन दिनों लिंग अनुपात की समस्या से जूझ रहा है और यही वजह है कि वहां लड़कों को शादी के लिए लड़कियां नहीं मिल रही हैं। ऐसे में चीनी युवक विदेशी लड़कियों से शादी करने को विवश हो रहे हैं। लेकिन यहां भी समस्या देखने को मिल रही है।
चीनियों की ताजा पसंद बांग्लादेशी लड़कियां बन गयी हैं। यही वजह है कि काफी संख्या में बांग्लादेशी लड़कियों को चीन भेजा गया और भेजा जा रहा है। लेकिन चीन की सरकार ने अपने नागरिकों को बांग्लादेशी लड़कियों से शादी करने को लेकर आगाह किया है। चीन के सरकार नियंत्रण वाले समाचार पत्र ग्लोबल टाइम्स की खबर के मुताबिक बांग्लादेश स्थित चीनी दूतावस ने अपने नागरिकों के लिए एक चेतावनी जारी करते हुए कहा कि बांग्लादेशी लड़कियों से शादी करने के इच्छुक युवकों को सतर्क रहना चाहिए। शादी से पहले सभी नियम-कायदों को देख लेना चाहिए। किसी अज्ञात एजेंसी के झांसे में आकर विदेशी स्त्री खोजने का प्रयास न करें। दूतावस ने कहा कि इस तरह की शादी पूरी तरह अवैध है। मानव तस्करी के जुर्म में जेल की सजा हो सकती है। यहां तक कि दूतावस ने अपने देश के नागरिकों को आगाह करते हुए कहा कि ऐसी घटना की जानकारी होने पर अधिकारियों को सूचित करें।
इधर बांग्लादेश के समाचार पत्र द देली स्टार ने कहा है कि बांग्लादेश की लड़कियों को शादी का प्रलोभन देकर चीन में बेचा जा रहा है। युवतियों को शादी और नौकरी का प्रलोभन दिया जाता है, लेकिन इस अवैध कार्य में लिप्त लोग लड़कियों को पैसे के बदले उन्हें सौंप देते हैं जो उनसे शादी करना चाहते हैं।
गौरतलब है कि जनसंख्या पर नियंत्रण के लिए चीन की कम्युनिस्ट सरकार ने लम्बे समय तक एक संतान की नीति को लागू किया था। लेकिन अब इसका दुष्प्रभाव दिख रहा है। चीन में लिंग अनुपात काफी बढ़ गया है जिससे युवकों को शादी की लड़कियां नहीं मिल रही हैं। चीनी युवक दूसरों देशों की गरीब लड़कियों से शादी करने को विवश हो रहे हैं। पिछले कुछ सालों में बांग्लादेश की तरह ही पाकिस्तान से भी लड़कियों को चीन ले जाया जाता और उनका वहां चीन युवकों से शादी कर दी जाती। (Photo-X)