भले पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर अपने देश में सबसे ताकतवर शख्स हैं लेकिन विदेशों में उनकी क्या हैसियत और किस तरह से अपमानजनक स्थिति का सामना करना पड़ सकता है, यह अमेरिका में देखने को मिला। यहां भारत के लोगों ने नहीं, बल्कि पाकिस्तानियों ने जनरल से फील्ड मार्शल बने असीम मुनीर को जलील किया। दरअसल इन दिनों असीम मुनीर अमेरिका के दौरे पर हैं। जब वह वॉशिंगटन के एक होटल में पहुंचे तो वहां पहले से ही पाकिस्तानियों का एक गुट मौजूद था। वे लोग मुनीर के काफिला के होटल पहुंचते ही मुनीर का नाम लेकर चिल्लाने लगे। ये मुनीर को जनसंहारक यानी मास मर्डर बुला रहे थे। इतना ही नहीं, मुनीर के लिए शर्म करो, शर्म करो का नारा भी लगा रहे थे। ये पाकिस्तानी फ्री पाकिस्तान का नारा भी लगाते हुए मुनीर को गाली देने से भी पीछे नही रहे।
इस प्रदर्शन के दौरान जब होटल की एक महिला अधिकारी उनको मना करनी आयी तो प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे पब्लिक प्लेस में हैं और किसी कानून का उल्लंघन नहीं कर रहे हैं।
हालांकि भारत के साथ संक्षिप्त युद्ध में पाकिस्तान को करारी मार लगी है फिर भी मुनीर और पाकिस्तानी सरकार ने अपनी जनता को यही दिखाया कि पाकिस्तान की जीत हुई है। भारत-पाकिस्तान युद्ध के कुछ दिनों बाद ही असीम मुनीर ने अपने को फील्ड मार्शल बना लिया जो कि पाकिस्तान के इतिहास में ऐसा करने वाले दूसरे जनरल हैं। मुनीर के खिलाफ नारे लगाने वाला का वायरल वीडियो में चेहरा नहीं दिखता है, लेकिन यह समझा जा सकता है कि वे लोग इमरान खान की पार्टी पीटीआई के समर्थक हो सकते हैं। इमरान खान को पाकिस्तानी सेना की मदद से जेल में बंद रखा गया है। इमरान समर्थक पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर को गीदड़ कहने से भी नहीं झिझकते हैं।