दुनिया के सबसे शक्तिशाली और अमीर देश अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति डोनाल्ड जॉन ट्रंप आखिर कितने अमीर हैं? उनका व्यापारिक साम्राज्य कहां-कहां फैला है? और वह किन-किन व्यवसाय में हैं? 78 साल के उम्र में दूसरी बार अमेरिका के राष्ट्रपति बने ट्रंप अमेरिका के इतिहास में अब तक सबसे अमीर राष्ट्रपति हैं और उनके आस-पास कोई पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति नहीं ठहरता है। आप इससे ही अनुमान लगा सकते हैं कि ट्रंप के पहले जो सबसे अमीर राष्ट्रपति थे वे जॉर्ज वॉशिंगटन थे जो अमेरिका के पहले राष्ट्रपति थे और उनकी संपत्ति का मूल्य 703 मीलियन डॉलर था।
6.8 बिलियन डॉलर की संपत्ति के मालिक
डोनाल्ड ट्रंप की कुल संपत्ति कितनी है, इस संबंध में ट्रंप की तरफ से आधिकारिक रिपोर्ट मीडिया में जाहिर नहीं की गई है लेकिन इसी महीने अमेरिकी पत्रिका फोर्ब्स ने ट्रंप के पास 6.8 बिलियन डॉलर की संपत्ति होने का अनुमान लगाया था। वहीं ब्लूमबर्ग ने उनकी संपत्ति 7.08 बिलियन डॉलर आंका है। राष्ट्रपति की शपथ लेने से एक दिन पहले ही ट्रंप ने अपने नाम पर ‘डॉलरट्रंप’ क्रिप्टोकरेंसी जारी की है। इसके बाद एक्सियोस नाम वेबसाइट ने ट्रंप की कुल संपत्ति का मूल्य 63.8 डॉलर होने की बात कही है। गौरतलब है कि ट्रंप रियल इस्टेट, होटल, कैसिनो और गोल्फ कोर्स के बिजनेस में अमेरिका के अग्रणी खिलाड़ी हैं। उनके रियल इस्टेट बिजनेस की पहचान ट्रंप टावर के रूप में पूरी दुनिया में है। भारत में अभी तक मुंबई, कोलकाता, पुणे और गुड़गांव में ट्रंप टावर बन चुका है। अगले छह सालों में और छह ट्रंप टावर बनने हैं। ये नोएडा, हैदराबाद, बेंगलुरू, मुंबई, गुड़गांव और पुणे में बनेंगे। ये आवासीय ट्रंप टावर होंगे। अमेरिका के बाहर भारत ऐसा देश है जहां सबसे अधिक ट्रंप टावर होने वाले हैं।
अपने सरनेम ट्रंप को भी बना दिया ब्रैंड
डोनाल्ड ट्रंप अपना नाम भी बेचते हैं। उनके नाम पर कई ब्रैंड हैं। उनके नाम पर टाई बिकती है। मेडिकल लेबोरेटरी भी ट्रंप के नाम पर है। दि ट्रंप ऑर्गेनाइजेशन नामक एक नेटवर्क है जो उनके लिए राजनीतिक फंड इकट्ठा करता है।
पिता से मिला ट्रंप साम्राज्य अब बेटा संभाल रहा
ट्रंप को अपने पिता फ्रेड ट्रंप से न सिर्फ व्यापारिक गुण मिले थे, बल्कि उनकी संपत्ति का एक हिस्सा भी मिला था। उनके पिता अमेरिका में रियल इस्टेट के बड़े कारोबारी थे। उन्होंने पांच दशक तक अपने व्यवसाय को ऊंचाई तक पहुंचाया और उसे डोनाल्ड ट्रंप और बाकी पुत्रों को सौंप कर दिवंगत हो गये। डोनाल्ड एक होनहार रियल इस्टेट व्यवसायी रहे हैं, यही वजह है कि अमेरिका के बड़े-बड़े शहरों से निकल कर उनका ट्रंप टावर आज दुनिया के कई देशों में पहुंच गया है। आज उनका व्यवसाय उनका बेटा डोनाल्ड जूनियर देखते हैं।
डोनाल्ड जे ड्रंप ने सोमवार को अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ले ली है। शपथ लेने के बाद उन्होंने अमेरिकी नागरिकों को और संपन्न और अमेरिका को और अमीर और शक्तिशाली देश बनाने की घोषणा की है।