आर्थिक तंगी और पर्यटकों की कमी से जूझ रहे भारत के समुद्र पार पड़ोसी देश मालदीव ने भारतीय पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए अभिनेत्री कैटरीना कैफ को अपना ब्रांड एबेसडर बनाया है। कैटरीना मालदीव के लिए प्रचार करेंगी। मलदीव में लगातार छुट्टियां बिताने वाली कैटरीना को मालदीव सरकार ने अनुबंधित किया है।
पिछले साल चुनावों के समय इंडिया आउट का नारा देने वाले मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मोइज्जू जल्द ही यह समझ गये कि चुनावों में तो जनता को भरमाने के लिए कोई भी नारा दिया जा सकता है लेकिन देश चलाने के लिए ये नारे बेकार ही नहीं बल्कि इसका नुकसान भी है। इसलिए वह भारत से फिर से रिश्ते सुधारने में लग गये। उन्होंने पिछले दिसंबर में भारत की यात्रा कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी और भारत से आर्थिक सहायता की उम्मीद जतायी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी अपने देश में आमंत्रित किया था। मोदी जुलाई में मालदीव जायेंगे। लेकिन मोइज्जू के राष्ट्रपति बनने के बाद एक समय भारत के साथ रिश्ते ज्यादा खऱाब होते गये। दरअसल जब मोदी लक्ष्यदीप गये थे तो मालदीव की दो मंत्रियों ने इसका उपहास उड़ाया था और भारत विरोधी बयान दिया था। इसका भारत में कड़ा विरोध हुआ था। आम लोगों से लेकर देश की फिल्मी हस्तियों ने एक तरह से बॉयकट मालदीव का अभियान चलाया था जिसका नतीजा हुआ कि भारतीय पर्यटकों ने मालदीव से मुंह फेर लिया। इससे मालदीव को भारी नुकसान हुआ। तब मोइज्जू ने मोदी का उपहास उड़ाने वाले दोनों मंत्रियों को निलबंति कर दिया था।
लेकिन तब तक मालदीव को भारी नुकसान हो चुका था। इस वाकये के काफी समय बाद भी भारतीय पर्टयकों ने मालदीव में जाना बंद रखा था। इससे इस समुद्री देश को नुकसान हो रहा था। यही वजह है कि भारतीय पर्यटकों को फिर से खींचने के लिए अब वहां की सरकार ने अभिनेत्री कैटरीना कैफ को अपना ब्रांड एंबेसडर बनाया है। यहां आपको बता दें कि कैटरीना को मालदीव काफी प्रिय है। वह अकसर वहां छुट्टियां बिताने जाती हैं। अपना जन्मदिन हो या फिर उनके पति विक्की का, वह मालदीव में जाना पसंद करती हैं। दरअसल मालदीव का समुद्री बीच बहुत ही आकर्षणीय है जिससे न सिर्फ भारत बल्कि दुनिया भर के पर्यटक यहां आते हैं। पर्यटन ही इस देश की अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार है।